भक्ति, जीवन और आत्मचिंतन की कविताएँ
“जहाँ भक्ति में मन झुके, वहीं जीवन को सही दिशा मिले।”
Table Of Content
झुकाऊँ सर जहाँ पर भी!
झुकाऊँ सर जहाँ पर भी,
करूँ सजदा मैं जिस दर पर,
वो दर हो तेरा,
ओ मेरी राधे!
वही दर भी तुम्हारा हो।
चरणों की धूल माथे से लगे,
ये जीवन मेरा संवारा हो,
तेरे नाम की माला जपूँ,
हर साँस में नाम तुम्हारा हो।
वृंदावन की कुंज गलियों में,
गूँजे नाम राधे तुम्हारा हो,
मोर मुकुट वाली छवि नैनन में,
बसा रूप न्यारा हो।
दुःख की घड़ी में तू सहारा,
सुख में भी तेरा सहारा हो,
तेरी कृपा की छाँव मिले,
हर अँधियारा उजियारा हो।
भक्तों की भीड़ में राधे,
सबसे प्यारा राधे नाम नारा हो,
“जय जय राधे श्याम” बोलकर,
भव से बेड़ा पार हो।
जो भी आए तेरे दर पे,
खुशियाँ झोली भर के जाए हो,
तेरे चरणों में मिल जाए,
इस जीवन का किनारा हो।
राधे-राधे नाम रटती फिरूँ,
मैं वृंदावन की गलियों में,
तेरी भक्ति में रम जाऊँ,
मेरे दिल में वास तुम्हारा हो।
झुकाऊँ सर जहाँ पर भी,
करूँ सजदा मैं जिस दर पर,
वो दर हो तेरा,
ओ मेरी राधे!
वही दर भी तुम्हारा हो।
- सीमा द्विवेदी ‘स्नेहिल’
रायबरेली, उत्तर प्रदेश
*********
राम लगावैं पार
नाता इक बस राम से,
राम लगावैं पार।
राम भजन से ही सदा,
सबका हो उद्धार।
प्रभु मूरत मन में बसे,
नित नव चरणन प्रीति।
तेरी भक्ति की सदा,
चहुँ दिस फैले कीर्ति।
क्या पाया, क्या खो गया,
किसका तुझे मलाल?
समय के सामने सदा,
सारा जग बेहाल।
खाली कर आया यहाँ,
जाए खाली हाथ।
कोई कितना हो सगा,
छूट जाय हर साथ।
काल की चाल ही विकट,
कौन वहाँ टिक पाय?
राजा और फकीर में,
अंतर समझ न आय।
गाड़ी-बंगला का कभी,
करना नहीं गुमान।
सब कुछ नश्वर है यहाँ,
नष्ट करे अभिमान।
नाम न कर मैला कभी,
नाम बने पहचान।
धर्म-कर्म, तप-त्याग से,
फैले कीर्ति महान।
सब जीवों से प्रेम कर,
बन जा बस इंसान।
छल-बल से होता कहाँ,
इस जग में कल्याण।
महल-अटारी का भला,
काहे करें गुरूर?
काँच की तरह टूटकर,
हो जाता है चूर।
धन से मत बनना बड़ा,
दिल से बन धनवान।
सच्ची मानवता सदा,
तेरी हो पहचान।
- कल्पना तिवारी ‘दिव्या’
बेला, प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश
*********
घूँट-घूँट कर जीने वालों
घूँट-घूँट कर जीने वालों,
छुपकर मदिरा पीने वालों,
कब तक ग़म छुपाओगे?
पीकर मस्त रहने वालों,
परिवार नष्ट करने वालों,
खुद को कब जगाओगे?
ग़म की यह दवा नहीं,
कोई पीकर ठीक हुआ नहीं,
घूँट-घूँट कर क्यों मर रहे?
जीवन मिला है जीने को,
क्यों हलाहल पीने को?
बोलो, ऐसा क्यों कर रहे?
सोचो, फूल क्यों खिलते हैं,
जीवन यह क्यों मिलते हैं,
भावनाओं में न बह जाओ।
— भोला सागर
बोकारो स्टील सिटी, झारखंड