“कार्टून केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि बचपन की सबसे सुंदर और जीवंत स्मृतियाँ हैं।”
प्रस्तुति: शिखा तैलंग, भोपाल
कार्टूनों का स्वर्णिम युग – जब दूरदर्शन पर उतरती थी सपनों की दुनिया
उन्नीस सौ अस्सी और नब्बे का दशक कार्टूनों की दुनिया का स्वर्णिम काल माना जाता है। उस समय न तो हाथों में चलने वाले दूरभाष थे, न सामाजिक माध्यमों का शोर था और न ही हर समय इंटरनेट की उपलब्धता। बच्चों की सबसे बड़ी खुशी थी – विद्यालय से लौटकर दूरदर्शन के सामने बैठ जाना और अपने प्रिय कार्टून पात्रों का इंतजार करना।
उस समय के कार्टून केवल हँसी-मजाक तक सीमित नहीं थे। वे बच्चों को मित्रता, साहस, ईमानदारी, अनुशासन, परिवार और सकारात्मक सोच का संदेश भी देते थे। यही कारण है कि आज भी उस दौर के कार्टून पात्र लोगों के हृदय में जीवित हैं।
विश्व के सबसे लोकप्रिय कार्टून पात्रों में सबसे पहला नाम आता है मिकी माउस का।
छोटे कान, प्यारी मुस्कान और मासूम शरारतों वाले इस पात्र ने पूरी दुनिया के बच्चों को अपना मित्र बना लिया था।
इसी प्रकार डोनाल्ड डक और गूफी जैसे पात्र भी बच्चों के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे। वे कभी गिरते, कभी उलझते, कभी परेशान होते, पर अंत में मुस्कुराना नहीं भूलते थे। बच्चे उनसे सीखते थे कि कठिनाइयों में भी हँसना चाहिए।
यदि हास्य और शरारत की चर्चा हो और टॉम एंड जेरी का नाम न आए, यह संभव ही नहीं। बिल्ली टॉम और चूहे जेरी की नोकझोंक ने दुनिया भर के बच्चों को खूब हँसाया। बिना अधिक संवादों के भी यह कार्टून बच्चों के चेहरों पर मुस्कान ले आता था।
उसी दौर में ही-मैन और शी-रा जैसे साहसी पात्रों ने बच्चों को अन्याय के विरुद्ध लड़ने की प्रेरणा दी।
जापानी कार्टूनों का प्रभाव भी उसी समय बढ़ने लगा। डोरेमोन और निंजा हट्टोरी ने बच्चों की कल्पनाशक्ति को नई उड़ान दी। डोरेमोन की जेब से निकलने वाले अद्भुत उपकरण बच्चों को विज्ञान और भविष्य की दुनिया से परिचित कराते थे।
भारत में उस समय सबसे अधिक लोकप्रिय पात्रों में मोगली का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। “जंगल-जंगल बात चली है…” गीत आज भी लोगों की स्मृतियों में जीवित है। बच्चों ने मोगली को केवल कार्टून पात्र नहीं, बल्कि अपना साथी मान लिया था।
उस समय कार्टून पूरे परिवार को एक साथ बैठने और मुस्कुराने का अवसर देते थे। उनमें हिंसा कम और सादगी अधिक होती थी। शायद यही कारण है कि आज भी पुराने कार्टूनों की लोकप्रियता बनी हुई है।
क्रमश:
No Comment! Be the first one.