“जहाँ ठंड मौसम नहीं, एहसास बनकर दिल तक उतरती है…”
सारांश:
इन कविताओं में ठंड केवल मौसम नहीं, बल्कि समाज की संवेदनहीनता, वर्गभेद और अधूरे प्रेम की प्रतीक बनकर उभरती है। कहीं रजाई और चाय की गर्माहट है, तो कहीं बुढ़िया की ठंडी चुप्पी और व्यवस्था पर तीखा तंज। इन पंक्तियों में प्रकृति, प्रेम और पीड़ा—तीनों मिलकर पाठक के मन को गहराई से छूते हैं। आइए, इन कविताओं में अंतर्निहित भावों को समझें इन्हें पूरे विस्तार से पढ़कर—
ठंड
ठंड की दहलीज पर
कोहरे की दस्तक हो गई ।
निकली रजाई शान से
आग भी अब जल गई ।।
लिपटे है कम्बल मे
तब भी ठिठुरन हो रही ।
हो गया सर्दी जुखाम
नाक मेरी बह रही ।।
चाय का प्याला लिए
हाथ मेरे कापते
चाय की चुस्की लिया तो
सुडुक आवाज़ हो रही ।।
चाय की टपरी पर देखो
भीड़ कैसी लग रही ।
गर्म प्याली मागती
जनता बिचारी दिख रही ।।
-उत्तम कुमार तिवारी ” उत्तम ” , लखनऊ (उत्तर प्रदेश)
^^^^^^^^^^^^
तंज
गर्म कपड़े पहन कर
रईस बर्फ गोला खेलते
बिन रजाई के झोपडी मे
बुढ़िया बिचारी मर गई ।।
साठ सत्तर रुपये का कम्बल
बाट कर फोटो हमारी खिच गई ।।
जयपुरी रज़ाई ओढ़ कर
मैडम देखो सो गई ।।
-उत्तम कुमार तिवारी ” उत्तम ” , लखनऊ (उत्तर प्रदेश)
^^^^^^^^^^^^
तुम
तेरी हंसी की मिठास में है ,,,,
एक अजीब सा अनोखा गुरुत्वाकर्षण,
और न जाने कैसी कशिश है जो अपनी सी लगती है,
जो मुझे आकर्षित करके खींच लेती है अपनी ओर,
और मैं पागल सी भाव विभोर होकर,
दौड़ पड़ती हूँ तुम्हे पाने की चाह लेकर ,
यादों के काफिले के संग सर्वस्व न्यौछावर करने ,,,
हकीकत न सही पर ख्वाब में ही पा लेती हूँ तुम्हे,
तेरे कहे हुए शब्दों को महसूस कर लेती हूँ,
तेरी खुशबू को समेट लेती हूँ अंतःकरण में अपने ,,,
आँखे बन्द करती हूँ तो अक्स उभरता है तुम्हारा ,
एक हल्का सा स्पर्श हवाओं के संग,
जैसे किसी के आने की आहट से आल्हादित होकर
अद्भुत दृश्य को महसूस करती हूँ
कि जैसे तुम यहीं पर मेरे करीब हो,,,,,
पर तुम नही हो !
-सुशीला तिवारी, रायबरेली (उत्तर प्रदेश)
^^^^^^^^^^^^
ठिठुरन
चांदनी की संगमरमरी चादर ओढ़े
जस चाँदी चमक रही है।
शीतल मस्त पवन के झोंके
तन ही नहीं मन को भी ठिठुरा जाता है ।
सिगड़ी/अलाव तन की ठिठुरन में
भरती है गर्मी पर ! मन की ठितुरन जाती नहीं ,
शायद यह तुम्हारे स्पर्श
तुम्हारी छुअन की चाहत रखती है
अफसोस बहुत दूर हो तुम
चाहो तो हाथ बढ़ा दो
इस मन की ठिठुरन मिटा दो
संजीवनी की कुछ बूंद पिला दो !
-शबनम मेहरोत्रा, कानपुर (उत्तर प्रदेश)