प्रस्तुति : शिखा तैलंग, भोपाल
एक अनुवादित तबाही की दास्तान : हास्य-व्यंग्य में डूबा एक प्रेम-प्रस्ताव, जो सीधे अस्पताल और थाने तक जा पहुँचा
सारांश:
यह हास्य-व्यंग्यात्मक कहानी एक युवक राजू यादव की है, जो अपनी प्रेमिका पिंकी को अंग्रेज़ी में प्रेम प्रस्ताव देने के लिए AI अनुवाद टूल का सहारा लेता है। लेकिन AI के गलत और भावहीन अनुवादों से उसकी प्रेम कहानी एक आपदा बन जाती है—जो अस्पताल, फायर ब्रिगेड और थाने तक पहुँचती है। अंत में यह कहानी एक मज़ेदार सीख देती है कि सच्चे इमोशन के लिए दिल की भाषा बेहतर होती है, ना कि गूगल ट्रांसलेट या AI के भावशून्य वाक्य।आइए विस्तार से पढ़ें इस मॉडर्न हास्य प्रेम प्रसंग को पूरे दिल से—
राजू यादव। नाम सुनते ही मोहल्ले की लड़कियों की नींद खराब नहीं होती थी, लेकिन लड़कों को ज़रूर चिंता हो जाती थी—क्योंकि राजू में था आत्मविश्वास, वो भी बिना कारण वाला। बी.ए. द्वितीय वर्ष का छात्र, लेकिन आत्मा से विलियम शेक्सपियर और दिल से देवदास।
कोचिंग में उसकी नज़रें जिस दिशा में घूमती थीं, वहीं बैठी होती थीं पिंकी श्रीवास्तव—उसके दिल की बिना प्रैक्टिकल वाली केमिस्ट्री। कई महीने हो गए थे मन ही मन इश्क फरमाते हुए, पर कह नहीं पा रहा था। वजह? अंग्रेज़ी।
“हिंदी में ‘मैं तुमसे प्यार करता हूँ’ कहूं तो लगेगा जैसे सिनेमा का टिकट माँग रहा हूँ,” राजू ने सोचा, “कुछ अंग्रेज़ी झाड़नी चाहिए… कुछ ऐसा जो सीधे पिंकी के दिल को टच कर दे… या छू दे, जैसा AI अनुवाद करता है।”
और फिर शुरू हुआ प्रेम प्रस्ताव का डिजिटल महाभारत — AI अनुवाद के साथ।
राजू ने बड़ी श्रद्धा से मोबाइल खोला, ChatGPT जैसा कोई AI टूल उठाया, और टाइप किया —
“मैं तुम पर मरता हूँ।”
AI ने जवाब दिया —
“I died on you.”
राजू भावुक हो गया। आंखें नम, दिल नमकीन, और आत्मा रोमांटिक।
“हाय! क्या ट्रांसलेशन है! यही तो है सच्चा इमोशन!”
दूसरे दिन राजू ने वही कहा —
“Pinky… I died on you.”
पिंकी कुछ सेकंड घूरती रही, फिर चीख़ी —
“हाय राम! ये तो मर चुका है! कोई इसे अस्पताल ले जाओ!”
राजू को समझ नहीं आया कि AI बाबू के इतने भावुक अनुवाद पर जनता इतनी व्याकुल क्यों हो गई। जब तक वो समझता, पिंकी की मम्मी आईं और दरवाज़े से खींचते हुए बोलीं —
“मरना है तो घर में मर, हमारी बेटी को क्यों डराता है?”
क्रमश:
One Comment
Comments are closed.
It’s really funny!