👉 “सार्वजनिक चेतना: की छोटी-सी आदत ही समाज की बड़ी पहचान है।”
प्रस्तुति: शिखा तैलंग, भोपाल
सार्वजनिक चेतना का अर्थ है—दूसरों की सुविधा, स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति सजग होना। यह केवल कानून या नियम नहीं, बल्कि हमारी रोज़मर्रा की आदतों, भाषा और व्यवहार में झलकने वाली नैतिक समझ है। जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझता है, तभी समाज सचमुच सभ्य, सुंदर और सुरक्षित बनता है।
1. जब खुशी शोर बन जाए
रात के ठीक बारह बज चुके थे। कॉलोनी की बत्तियाँ बुझ चुकी थीं, लेकिन एक घर से तेज़ डीजे की आवाज़ पूरे इलाके को जगा रही थी।
शर्मा जी बार-बार करवट बदल रहे थे। उनकी 80 वर्षीय माँ ने अभी-अभी ब्लड प्रेशर की दवा ली थी, फिर भी नींद उनसे कोसों दूर थी।
माँ (धीमी आवाज़ में):
“बेटा, लगता है आज फिर रात भर नींद नहीं आएगी…”
शर्मा जी का धैर्य जवाब दे गया। वे बाहर निकले और गार्ड से बोले—
“भाई, ज़रा उनसे कहिए कि आवाज़ कम कर लें। यहाँ बुज़ुर्ग और बच्चे रहते हैं।”
गार्ड ने बेबसी से कंधे उचका दिए—
“साहब, कह तो दूँ… पर आजकल कौन सुनता है?”
शर्मा जी बुदबुदाए—
“क्या आज़ादी का मतलब सिर्फ अपनी खुशी है? दूसरों की तकलीफ क्यों नहीं दिखती?”
👉 यहीं से शुरू होती है सार्वजनिक चेतना की असली परीक्षा—जब हम अपनी खुशी को दूसरों की शांति से तौलते हैं।
2. पटाखों की चमक और अस्पताल की सच्चाई
न्यू ईयर की रात थी। आसमान रंगीन रोशनी से भरा हुआ था, लेकिन शोर इतना तेज़ था कि कान सुन्न हो रहे थे।
पास के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर वर्मा एक छोटे बच्चे का इलाज कर रहे थे। तेज़ धमाकों की वजह से बच्चे को मिर्गी का दौरा पड़ गया था।
डॉक्टर वर्मा (थके और चिंतित स्वर में):
“तेज़ आवाज़ कई मरीजों के लिए जानलेवा हो सकती है—खासकर बच्चों, बुज़ुर्गों और दिल के रोगियों के लिए।”
बाहर खड़े एक रिश्तेदार ने असहज होकर कहा—
“पर डॉक्टर साहब, त्योहार में पटाखे तो चलते ही हैं…”
डॉक्टर ने गंभीरता से जवाब दिया—
“त्योहार खुशियाँ बाँटने के लिए होते हैं, डर और दर्द देने के लिए नहीं।”
👉 सार्वजनिक चेतना हमें सिखाती है कि आनंद वहीं सार्थक है, जहाँ किसी की ज़िंदगी खतरे में न पड़े।
3. पार्क, पिकनिक और हमारी जिम्मेदारी
रविवार की सुबह। नगर निगम का एक सफाई कर्मचारी पार्क में झाड़ू लगा रहा था।
रात की पिकनिक के बाद घास पर प्लास्टिक की प्लेटें, बोतलें, जूठा खाना और चिप्स के पैकेट बिखरे पड़े थे।
सफाईकर्मी (खुद से):
“हमें तो रोज़ साफ करना है… पर अगर लोग अपना कचरा खुद डस्टबिन में डाल दें, तो शहर कितना सुंदर हो जाए।”
उसी समय एक छोटा बच्चा अपने पिता से पूछ बैठा—
“पापा, ये लोग कचरा यहाँ क्यों छोड़ गए?”
क्रमश: