प्रस्तुति : शिखा तैलंग, भोपाल
“हर घूंट में छुपा है पैसा बढ़ाने का फॉर्मूला!”
सारांश:
चाय की दुकान पर रोज़ की गपशप इस बार शेयर मार्केट की गिरावट से शुरू होकर ‘डिबेंचर’ के ज्ञान पर आकर ठहर गई। मोहल्ले के ‘इन्वेस्टमेंट गुरु’ पांडे जी ने डिबेंचर की सरल भाषा में व्याख्या की, जिससे रमेश जी जैसे निवेशक प्रभावित हुए। कहानी हल्के-फुल्के हास्य और व्यावहारिक वित्तीय सलाह के साथ निवेश को समझने का नया नजरिया देती है।आइए विस्तार से जानेंं चाय के हर घूंट में छुपे पैसा बढ़ाने के फॉर्मूले को—
“ओए मुन्ना! दो कटिंग चाय और चार खारी लाओ ज़रा जल्दी!”
शिवकुमार जी ने चाय की दुकान पर अपने रोज़ के अड्डे पर आकर कुर्सी खींचते हुए कहा।
सामने रमेश बाबू पहले से बैठे थे, माथे पर चिंता की लकीरें और मोबाइल स्क्रीन पर स्टॉक मार्केट की हरियाली और लाल निशानों को घूरते हुए।
“क्या हुआ रमेश जी? आज तो आप शेयर मार्केट के जोकर की तरह हँसी नहीं उड़ा रहे, आज खुद ही परेशान लग रहे हैं!” शिवकुमार जी मुस्कुराते हुए बोले।
“अरे पूछिए मत यार! कल जिस शेयर में डाला था, आज वो पाताल में समा गया। लगता है अब बहू का स्मार्टफोन का सपना अधूरा ही रह जाएगा,” रमेश जी ने ठंडी सांस भरी।
इतने में पीछे से आवाज़ आई—”शेयर बाजार छोड़िए बाबूजी, डिबेंचर में लगाइए। ना शेयर की उछाल, ना गिरावट का डर। सीधा सीधा ब्याज और तय तारीख़ पर पैसा वापसी!”
सबकी निगाहें घूमीं। ये तो हमारे मोहल्ले का ‘ज्ञान पांडे’ था—जिसे सब मज़ाक में ‘इन्वेस्टमेंट गुरु’ कहते थे।
“अरे पांडे जी, फिर से अपने डिबेंचर का प्रवचन लेकर आ गए क्या? कल तक तो आप म्युचुअल फंड में ज्ञान बाँट रहे थे,” मुन्ना चायवाला मुस्कराया।
“सही कह रहे हो मुन्ना,” रमेश जी बोले, “पर आजकल तो हर कोई यही कहता है—’डिबेंचर ले लो, ये ले लो, वो ले लो!’ आखिर ये डिबेंचर है क्या?”
पांडे जी ने गला साफ़ किया, और बोले—”अच्छा, मान लीजिए कि आपके पास एक मिठाई की दुकान है। आप सोचते हैं कि दुकान को बढ़ाने के लिए 1 लाख रुपये चाहिए। आप अपने जानने वालों से कहते हैं, ‘भाई, मुझे 1 लाख दो, मैं 1 साल बाद तुम्हें 1 लाख दस हजार लौटाऊंगा।’ वो लोग आपको पैसे दे देते हैं, बिना दुकान की मालिकी में हिस्सेदारी लिए। बस भरोसे पर।”
“तो?” शिवकुमार जी चौंके।
क्रमश:
One Comment
Comments are closed.
Keeps you getting to know more.